राजोरी। शहर के आईटीआई मोहल्ले में चोरों ने एक बंद घर में सेंध लगाते हुए सोने चांदी के गहने, नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस के अनुसार अल्ताफ हुसेन परिवार के साथ जम्मू गए थे। कुछ दिन बाद बुधवार को उनकी बहन उनके घर पहुंची तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। घर के भीतर पहुंच कर देखा तो पाया कि अलमारियों को तोड़ कर सारा सामान चुरा लिया गया है। चोरों ने घर से सोने के 7 तोले गहने, करीब 60 हजार रुपये, कंबल व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घर से फिंगर प्रिंट व अन्य सुबूत जुटाए व मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि शहर में एक सप्ताह में चोरी के यह दूसरी वारदात है। पिछले सप्ताह जवाहर नगर के वार्ड-5 में चोर एक घर से सोने के गहने व नकदी चुरा ले गए। शहर वासियों में पुलिस के प्रति कड़ा रोष है। लोगों ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि पुलिस जल्द चोरों को धर दबोचे ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।