राजोरी। जम्मू-पुंछ हाईवे स्थित चिंगस क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार पुंछ के सुरनकोट क्षेत्र के निवासी मोहम्मद शरीफ परिवार के साथ कार से जम्मू से पुंछ की ओर जा रहे थे। कार जब चिंगस इलाके में पहुंची तो सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को रास्ता देते समय चालक संतुलन खो बैठा व कार खाई में जा गिरी। कार में सवार सभी चारों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टर ने एक महिला सोफिया कौसर पत्नि मोहम्मद शरीफ को मृत लाया करार दे दिया। इस हादसे में मोहम्मद शरीफ, सोनिया खान और आदिबा खान सभी निवासी सुरनकोट घायल हो गए व जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं व हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करने व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। ब्यूरो