राजोरी। नौशेरा थाने में तैनात एक एसपीओ के साथ ड्यूटी के समय दुर्व्यवहार करना और गाली गलौज करना पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर को महंगा पड़ा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ नौशेरा इंस्पेक्टर राजेश जसरोटिया ने बताया कि दो दिन पहले पुलिस में भर्ती एसपीओ अख़लाक़ अहमद ड्यूटी कर रहा था। इस बीच नोशहरा में तैनात पीडब्ल्यूडी के जेई रमेश चंद्र ने अपनी गाड़ी नो एंट्री जोन में दाखिल की। इसका विरोध करने पर उन्होंने एसपीओ के साथ उलझना शुरू कर दिया। ड्यूटी अंजाम दे रहे एसपीओ के साथ जेई ने दुर्व्यवहार किया, गाली गलौज की और उससे धक्का-मुक्की भी की, जिसके चलते वहां करीब दो घंटे तक तमाशा बना रहा। पुलिस ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए एक जवान से ड्यूटी के समय दुर्व्यवहार करना और ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में जेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ ने बताया कि इस प्रकार से कानून को अपने हाथ में लेना और ड्यूटी करने से किसी कर्मचारी को रोकना सहन नहीं किया जाएगा और कानून की विभिन्न धाराओं के तहत खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पता चलता है कि फिलहाल जेई पुलिस की पकड़ से बाहर और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।