राजोरी। जिले के बुद्धल थाना क्षेत्र के तरगयी में शनिवार को एक युवक की सोते हुए गोली मारकर की गई हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। चार दिन में पुलिस कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले चुकी है, लेकिन अभी तक कातिल तक नहीं पहुंच पाई है।
पुलिस के अनुसार युवक की कॉल डिटेल निकालकर जांच की जा रही है, और हर पहलू को गंभीरता से देखा जा रहा है। ताकि मामले में कोई बेगुनाह न फंसे और असली मुजरिम सलाखों के पीछे हो। एसएसपी मोहम्मद असलम ने बताया कि पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए मामले की बड़े पेशेवर तरीके से जांच कर रही है। बहुत जल्द कातिल सलाखों के पीछे होंगे। उधर मृतक के परिजनों और लोगों में पुलिस के प्रति रोष है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही से जांच करने का आरोप लगाते हुए मामला सीबीआई के हवाले करने की मांग की है।
सरपंच फारूक इंकलाबी ने बताया कि चार दिन से पुलिस मात्र लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर और कॉल डिटेल निकालने की बात ही कर रही है। अभी तक असली मुजरिम तक नहीं पहुंच पाई है। सरपंच ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वीरवार तक पुलिस ने मामले को नहीं सुलझाया और आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग और अन्य सदस्यों के साथ मिलकर राजोरी बुद्धल सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे और कानून व्यवस्था की सारी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
बता दें कि उक्त निवासी 25 वर्षीय युवक अकरम शाह घर सो रहा था। शनिवार की सुबह तड़के करीब 4:00 बजे उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या करने के बाद थोड़ी दूरी पर स्थित उसके चाचा के घर पर भी फायरिंग की गई।