राजोरी। जिले की थन्नामंडी तहसील के कोट बहरोट क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय सनसनी मच गई, जब भाइयों की आपसी झगड़े में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में धारा 174 का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी तरफ इस घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हो गए हैं। तहसील क्षेत्र में इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार उक्त निवासी मोहम्मद अशरफ और उसके भाई मोहम्मद शब्बीर के बीच में रविवार की सुबह किसी बात को लेकर बहस हो गए। कुछ देर की बहसबाजी के बाद उनमें मारपीट शुरू हो गई। दोनों भाइयों में हो रही मारपीट देख अशरफ की पत्नी नसार बेगम बीच बचाव के लिए आई, लेकिन इसी बीच उसके सिर में चोट लग गई और वह बेहोश हो गई। परिवार के लोग उसे तत्काल ही थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। उधर झगड़े में महिला की मौत होने की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार को सौंप दिया है। पुलिस ने धारा 174 यानी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दो भाइयों की आपसी लड़ाई में महिला की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उस परिवार में इसके पहले भी झगड़े होते रहते थे, लेकिन इस झगड़े में एक महिला की मौत होने के कारण पूरा गांव सदमे में है। परिवार के लोग भी परेशान हैं। मृतका के कुछ परिजनों ने बताया कि इसके पहले भी महिला दोनों भाइयों को लेकर समझौता कराने में काफी बार प्रयास कर चुकी थी, लेकिन उसके प्रयास बार-बार विफल साबित होते रहे थे।