नदी पार करके वैक्सीनेशन करने जाते स्वस्थ कर्मचारी
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। जिले के कंडी स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत दूरदराज के पिछड़े इलाकों में वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसी जगहों पर पहुंचने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को नदी-नाले और पहाड़ चढ़कर जाना पड़ रहा है और लोगों का भी उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा।
बीएमओ डॉ. इकबाल मलिक ने बताया है कि कंडी में ऐसे कई पिछड़े इलाके हैं जहां न तो वाहन जाते हैं और न ही सड़कें है। ऐसे इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम को पैदल पहाड़ों पर चढ़कर, नदी-नाले पार करके वैक्सीनेशन के लिए पहुंचना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी कुछ टीमों ने नदियों को पार किया, कुछ ने पहाड़ों पर चढ़ाई की और कुछ ने बारिश के बीच लोगों को वैक्सीन लगाई। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों को वैक्सीनेशन के लिए खेतों में भी जाना पड़ रहा है। जो लोग वैक्सीनेशन के लिए खुद सामने नहीं आ रहे हैं तो ऐसे में उनके खेतों में ही पहुंचकर वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
डॉ. इकबाल ने बताया कि इसका उद्देश्य दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में भी कोविड के खिलाफ सौ प्रतिशत आबादी का टीकाकरण करना है। ऐसे समर्पण के साथ अथक प्रयासों से सब मिलकर कोरोना वायरस को हराएंगे। जनता से भी अनुरोध है कि स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करें।
खेतों में काम कर रहे लोगों को वैक्सीनेशन करती कर्मचारी - फोटो : RAJOURI