राजोरी। कोरोना संक्रमण से रविवार को जिले में चार और लोगों की मौत हुई है जबकि 102 नए मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार एक नर्स और तीन अन्य लोगों को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर जीएमसी में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान रविवार को चारों ने दम तोड़ दिया। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में जिले भर में 1774 केस सक्रिय हैं। इन सक्रिय मामलों में से तीन लोग बीएसएफ में, 18 सेना के अस्पताल में, पांच जिले के बाहर के अस्पताल में, 86 जीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में और बाकी 1662 लोग घरों में आइसोलेट हैं। अब तक 326871 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिन में से 316692 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में 9638 मामले आ चुके हैं जिनमें से 7681 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो गए हैं।