राजोरी। जिले में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या में भी लगातार वृद्धि होती जा रही है। बुधवार को 24 घंटों में मे कोरोना से 3 लोगों की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार राजोरी के खेवरा निवासी एक महिला को संक्रमित पाए जाने के बाद चार दिन पहले जम्मू रेफर किया गया था। मंगलवार शाम को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर ढांगरी स्थित जिला जेल में बंद एक कैदी को बुधवार को सीने में दर्द होने पर जीएमसी में भर्ती किया गया। उपचार से पहले कैदी का कोरोना टेस्ट किया तो उसे पॉजिटिव पाया गया। वहीं जीएमसी में उपचार के दौरान कैदी की मौत हो गई। उधर नौशेरा निवासी कोरोना संक्रमित एक महिला ने उपचार के दौरान बुधवार को दम तोड़ दिया। वहीं अब जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 28 हो गया है। वहीं उपायुक्त नजीर शेख के आदेश के बाद कोरोना से मरने वाले तीनों का अंतिम संस्कार सभी दिशा निर्देशों और एसओपी का पालन करने के बाद किया गया है।
उधर बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमित 74 नए मामले सामने आए हैं। एडीसी शेर सिंह के अनुसार जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से एक बार फिर से राजोरी टाउन में सबसे अधिक 37 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उसके अलावा जिले के मंजाकोट से 8, दरहाल से 8, सुंदरबनी से 7, नौशेरा से 5, कालाकोट से 4, थन्नामंडी से 3 और कंडी से 2 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।