सुंदरबनी। सरकार की तरफ से कोरोना से बचाव के लिए मार्च से बंद किए गए स्कूलों को फिर से खोले जाने के आदेश के बाद सोमवार से सुंदरबनी में भी सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को खोल दिया जाएगा। हालांकि शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए निर्देश के अनुसार नौवीं कक्षा से बारहवीं कक्षा तक ही स्कूलों को खोला जाएगा और अभिभावकों की सहमति होने पर ही छात्र-छात्राओं को स्कूलों में आने की अनुमति होगी। छात्रों को मास्क सैनेटाइजर साथ लेकर स्कूल आना होगा। शिक्षकों को भी शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करके ही स्कूल के अंदर आना होगा। पिछले एक माह से शिक्षा विभाग स्कूलों को खोलने की तैयारियों में लगा हुआ था। इसके तहत सभी स्कूलों में नए सिरे से रंग रोगन के साथ-साथ पूरे ग्राउंड की सैनिटाइजेशन कराकर तैयार कर ली गई। सोमवार को छह माह बाद फिर से छात्र-छात्राओं को स्कूलों में जाने का मौका मिलेगा। संवाद