राजोरी। जिले में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में भी लगातार वृद्धि होती जा रही है। रविवार को 24 घंटों में शहर से एक व्यक्ति की और जिले के दोदासन पाई क्षेत्र में कोरोना से 1 महिला की मौत होने से राजोरी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 23 पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को 24 घंटे में राजोरी में कोरोना से जो 2 मौतें हुई हैं उनमें एक राजोरी शहर से है। बताया जा रहा है कि शहर निवासी एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जीएमसी राजोरी में भर्ती किया गया, शनिवार को हालत बिगड़ने पर जम्मू रेफर कर दिया गया। वहीं जम्मू के सीडी अस्पताल में शनिवार रात को ही उसकी मौत हो गई। जिले के दोदासन पाई से कोरोना संकमित महिला को जीएमसी राजोरी में शनिवार को भर्ती किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान रविवार को महिला की मौत हो गई। डीसी के आदेश के बाद दोनों का अंतिम संस्कार एसओपी का पालन करने के बाद किया गया।
उधर राजोरी स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की मुख्य शाखा में कर्मचारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बैंक को सील कर दिया गया है। एडीसी शेर सिंह के अनुसार बैंक के अन्य कर्मचारियों की कोरोना टेस्टिंग करने और उनकी रिपोर्ट आने तक बैंक को बंद रखा जाएगा।
रविवार को राजोरी में कोरोना संक्रमित 63 नए मामले सामने आए हैं। एडीसी के अनुसार 63 नए पॉजिटिव मामलों में से यात्री 3 हैं, और अन्य 60 में से राजोरी से 21, कालाकोट से 10, सुंदरबनी से 9, कंडी से 7, नौशेरा से 7, थन्नामंडी से 4 और दरहाल से 2 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।