पुंछ। पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहल्ला डूंगस में रविवार दोपहर बाद एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल एक लोड कैरियर आटो के पिछले हिस्से से टक्करा गई। इससे मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आसपास के लोगों ने उसी लोड कैरियर आटो से राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान तारिक सलीम (20) पुत्र मोहम्मद सलीम और फरीद अहमद (18) पुत्र सराज दीन निवासी गांव सलोत्री के रूप में हुई है। तारिक सलीम को जीएमसी रेफर किया गया है। जबकि दूसरे की हालत सामान्य है।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद करीब पौने दो बजे मोहल्ला डुंगस में नाथ जी मंदिर के पास पुलिस लाइन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मोटर साइकिल नंबर जेके 12 -1115 लोड कैरियर से जोरदार तरीके से टकरा गई। इससे मोटरसाइकिल का अगला भाग क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का पता चलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने पहुंचा दिया और मामला दर्ज कर लिया है।