राजोरी। थन्नामंडी तहसील के दोदासन बाला गांव निवासी सीआरपीएफ के हवलदार रासिर अहमद की शहादत पर रविवार को गांव में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया। वह 14 फरवरी 2019 को पुलवामा आतंकवादी हमले में शहीद हुए थे। राजोरी स्थित सीआरपीएफ की 72 वीं बटालियन की तरफ से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में शहीद की पत्नी, बच्चे व अन्य उपस्थित रहे।
कमांडेंट सीआरपीएफ 72 बटालियन के साथ अन्य अधिकारियों ने शहीद के गांव का दौरा किया और हवलदार नासिर अहमद को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अधिकारी शहीद के परिवार से मिले और उन्हें मिल रही सुविधाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। शहीद की याद में गांव में चिकित्सा शिविर लगाया गया। लोगों कोविड-19 के बारे में जागरूक कर उनमें कोविड-19 किट और दवाएं वितरित की गई। सीआरपीएफ के कमांडेंट ने शहीद की पत्नी और बच्चों को आश्वासन दिया कि सीआरपीएफ उनकी हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है। देश हवलदार की शहादत को कभी भूल नहीं पाएगा।