-तीन घंटे राजोरी-बुद्धल सड़क पर लगाया जाम, मानदंडों को सरल बनाने की मांग
संवाद न्यूज़ एजेंसी
राजोरी । सरकारी डिग्री कॉलेज कोटरंका के विद्यार्थियों ने सोमवार को जम्मू यूनिवर्सिटी (जेयू ) से सम्बद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश पाने के लिए तय किए गए मानदंडों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने राजोरी-बुद्धल सड़क पर कोटरंका चौक में सड़क जाम कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानदंडों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। विद्यार्थी नेता मोहम्मद शरीफ ने बताया कि जेयू की वर्तमान नीति के अनुसार, विद्यार्थियों को पात्र होने के लिए पहले और दूसरे सेमेस्टर को पूरी तरह से पास करना होगा, तीसरे सेमेस्टर में कम से कम 50 प्रतिशत क्रेडिट हासिल करना होगा। चौथे सेमेस्टर के आंतरिक असाइनमेंट को पूरी तरह से पास करना जरूरी है। ये मापदंड पूरा करना चुनौतीपूर्ण है। इसलिए प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को मानदंडों पर पुनर्विचार करना चाहिए। क्योंकि, वर्तमान नीति न केवल अवास्तविक है, बल्कि अनुचित भी है।
तहसीलदार के आश्वासन पर धरना किया खत्म
करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद एसएचओ ने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों कोे भरोसा दिलाया कि वो उनकी मांग संबंधित अधिकारी तक पहुंचाएंगे, लेकिम विद्यार्थी नहीं माने। उसके बाद तहसीलदार साहिल अली शाह पहुंचे और भरोसा दिलाया कि मांग को विवि तक पहुंचाएंगे, जिसके बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। साथी ही चेतावनी दी कि मानदंडों को संशोधित नहीं किया गया तो विद्यार्थी पैदल मार्च कर जम्मू जाकर विरोध जताएंगे।