नौशेरा। नौशेरा से लगभग 13 किलोमीटर दूर गांव डंडेसर में वन्य क्षेत्र में नहर के नजदीक पीर बाबा क्षेत्र में दो युवा बेहोशी की हालत में पढ़े मिले। वहां से गुजर रही एक महिला ने इस बात की जानकारी अपने घर में दी, जिसके बाद गांव के लोगों ने लंबेडी पुलिस चौकी में इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी अफसर लंबेडी व थाना प्रभारी नौशेरा इंस्पेक्टर अमित सिंह ने लोगों के सहयोग से दोनों युवाओं को उपजिला अस्पताल नौशेरा पहुंचाया। अस्पताल पहुंचाने पर एक युवा रजत शर्मा (30) पुत्र बलदेव राज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जब दूसरे युवक का उपचार किया जा रहा है, जिसकी पहचान सनी शर्मा (25) पुत्र कुलदीप राज निवासी टांगरी जिला राजोरी के रूप में हुई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमित सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा। संवाद