रियासत में रविवार को पल्स पोलियो डे मनाया गया। इस दौरान विभिन्न जिलों में बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। पोलियो डे के मद्देनजर एक पूरी टीम तैयार की गई, जिसने जिलों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की बूंद पिलाई।
राजोरी में जिला स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और रोटरी क्लब राजोरी द्वारा संयुक्त रूप से लगाए पोलियो बूथों पर बच्चों को बूंद पिलाई गई।
इस की शुरूआत डीसी राजोरी शब्बीर बट्ट ने की। गुज्जर मंडी चौक में रोटरी क्लब द्वारा बनाए गए पोलियो बूथ पर डीसी ने बूंद पिलाई।
डीसी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिले को पोलियो से मुक्त बनाने के लिए कमर कस ली है। रोटरी क्लब नाम की गैर सरकारी संस्था पोलियो से मुक्ति के लिए काम कर रही है।
डीसी ने बताया कि जिले भर में रविवार को बूथों पर बूंद पिलाई जा रही हैं। जो बच्चे किसी कारण से पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें अगले दो दिन में उनके घर-घर पहुंच कर बूंद पिलाई जाएंगी।
डोर टू डोर मुहिम के तहत जिले के पांच वर्ष से कम आयु के करीब 1 लाख 9 हजार और 766 बच्चों को पोलियो बूंदे पिलाई जाएंगी। वहीं इस संबंध में सीएमओ डा चमन भसीन ने पूरे दिन अभियान पर अपनी नजरें बनाए रखी।
वहीं नौशेरा के उपजिला अस्पताल ने क्षेत्र में 67 पोलियो बूथ बनाए। पांच वर्ष की आयु तक के 15137 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य तय किया गया था।
एसडीएम उपजिला नौशेरा हरबंस लाल शर्मा ने उपजिला अस्पताल नौशेरा में सुबह एक बच्चे को अपने हाथों से पोलियो ड्राप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उपजिले में 262 वर्करों को इस अभियान के लिए नियुक्त किया गया था। जिसमें 12 सुपरवाइजर, शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को शामिल किया गया था।
वहीं मेंढर तहसील में भी जगह-जगह पर पोलियो बूथ खोले गए। इससे पहले मेंढर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए जागरूक किया गया और तीन दिन पहले से ही लाउड स्पीकरों पर पूरी तहसील में अपील कराई गई।
पोलियो ड्राप पिलाने आई महिलाएं पूनम साहनी, प्रियंका, पल्लवी, नीलम कुमारी, रामो देवी, श्यामा रानी और खालिदा बेगम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने जगह-जगह पोलियो बूथ बनाकर सहुलियत प्रदान की है।
बीएमओ मोहम्मद यूनिस के अनुसार 124 बूथ तहसील में बनाए गए थे, जिसमें 480 वर्कर और 24 सुपरवाइजर इस अभियान से जुडे़। कुल 22211 बच्चों को खुराक देने का लक्ष्य था, जिसमें 16976 लोगों को खुराक पिलाई गई।
वहीं सुंदरबनी में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पहले दिन हजारों की संख्या में बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के सुंदरबनी ब्लाक में पांच वर्ष से कम उम्र के 9553 बच्चों के लिए 69 पोलियो बूथ बनाए गए थे।
यहां पर कुल 7986 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलवाई गई। वहीं इस संबंध में बीएमओ सुंदरबनी डा. गोविंद शर्मा ने कहा कि पहले दिन 84 प्रतिशत बच्चों ने पोलियो खुराक पी।
उधर, पुंछ में जिले भर के करीब 67 हजार बच्चों को पोलियो की ड्राप पिलाई गई। सोमवार से इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी जिले में घर-घर जाकर नौनिहालों को पोलियो की दवा पिलाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार मौसम ने पूरा साथ दिया। जिसके चलते हम लोग अपने लक्ष्य के करीब पहुंचे हैं और अगले दो दिनों में हम अपने 75549 नोनिहालों को दवा पिलाने का लक्ष्य को पूरा कर लेंगे।
सर्व प्रथम जिला अस्पताल में प्लस पोलियो अभियान का उद्घाटन पुंछ के विधायक शाह मोहम्मद तांत्रे ने बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाकर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा मुमताज बट्टी ने की। जिले भर में करीब 415 पोलियो बूथ स्थापित किए गए। जिन पर 1734 चिकित्सा कर्मियों सहित अन्य विभागों के कर्मियों की तैनाती की गई।