छह दिन बाद भी लापता युवक का सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित व्यापारियों ने दूसरे दिन भी मंगलवार को नौशेरा बाजार बंद रखा। कई संगठनों ने शाम को कैंडल मार्च भी निकाला।
व्यापार मंडल, सनातन धर्मसभा और ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे और प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। जुलूस मेन चौक से मुख्य बस अड्डे झंगड़ पहुंचा।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही से अभी तक लापता युवक का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस युवक को ढूंढ़ने में लापरवाही बरत रही है।
सभा में सनातन धर्म सभा के प्रधान जगदीश चंद्र साहनी, व्यापार मंडल प्रधान धर्मवीर गुप्ता ने कहा कि यहां की जनता शांतिपूर्वक और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रही है।
बड़े अफसोस की बात है कि पुलिस छह दिन बाद भी लापता युवक का सुराग नहीं लगा पाई है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही युवक का पता नहीं लगाया तो इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
शाम को सैकड़ों लोगों ने प्रशासन के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शन की सूचना पर एसएसपी राजोरी डा. हसीब मुगल नौशेरा पहुंचे और डाक बंगले पर प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक की।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। सुंदरबनी और नौशेरा की पुलिस टीम युवक को खोजने में लगी हुई है।
गौरतलब है कि कसबे के वार्ड नंबर पांच का निवासी गौरव गुजराल छह दिन पहले घर से किसी काम से सुंदरबनी गया था, लेकिन आज तक घर नहीं लौटा है।