नौशेरा में हथियारों की सफाई करने के दौरान हुए धमाके में घायल बीएसएफ कर्मी।
राजोरी/नौशेरा। बीएसएफ की 152वीं बटालियन के बरेती स्थित कैंप में सोमवार को हथियारों की सफाई के दौरान एक रायफल मेें धमाका हो गया। इसमें एक एएसआई और हेड कांस्टेबल घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जीएमसी, जम्मू भेजा गया है।
बटालियन के जवान व अधिकारी सोमवार को कैंप में हथियारों को साफ कर रहे थे। इसी दौरान एंटी मेटीरियल रायफल में अचानक धमाका हो गया। धमाके की आवाज से वहां अफरा-तफरी फैल गई। बीएसएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे तो वहां दो लोग घायल पड़े थे। तत्काल दोनों को नौशेरा के सब जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार कर रहे डॉक्टर के अनुसार, बीएसएफ के एएसआई एएसआई राज अहमद (54) निवासी उत्तर प्रदेश और हवलदार जमील अहमद (50) निवासी राजोरी को प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस रायफल में धमाका हुआ उसे पहले भी साफ किया गया था। उस समय एक बिना फटा शेल रायफल के अंदर रह गया था। सोमवार को अधिकारी व जवान इसी रायफल को दोबारा साफ कर रहे थे, पुराने शेल में विस्फोट हो गया।
यह हथियारों की नियमित की सफाई के दौरान हुआ एक आकस्मिक विस्फोट था। घटना का किसी आतंकवादी घटना से कोई संबंध नहीं है। इस बारे में अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- जुगल मन्हास, एसएसपी, राजोरी