पुलिस ने भाजपा के पोलिंग एजेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच शुरू कर दी है। ज्ञातव्य हो कि मंगलवार देर रात थन्नामंडी तहसील के धर्रा मंगोटा निवासी भाजपा के पोलिंग बूथ एजेंट मोहम्मद कासिम की लाश क्षेत्र के नाले में पाई गई थी।
इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष विबोध गुप्ता ने बताया कि रात को नाले में शव मिलने से उन्हें हत्या की आशंका हुई थी। लेकिन बुधवार को मृतक के परिजनों ने छानबीन की और उसके साथियों से पूछताछ में आत्महत्या की आशंका जताई।
मृतक के कुछ दोस्तों ने परिवारवालों को बताया कि राजोरी विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौधरी तालिब हुसैन की हार के बाद वह काफी दुखित था। उसने कुछ दोस्तों से कहा था कि अब जीने का कोई मकसद ही नहीं रह गया है। अपने चहेते नेता की हार के गम को सहन नहीं कर पाया और मौत को गले लगा लिया।
वहीं इस मामले में राजोरी के एसएसपी डा. हसीब मुगल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के बाद परिवारवालों को सौंप दिया है। क्षेत्र के कई लोगों से पूछताछ में पुलिस ने पाया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लगता है। एसएसपी का कहना है कि पुलिस फिर भी इसकी जांच अन्य एंगलों से भी करेगी। बाकी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।