जिले की कोटरंका तहसील में गरीब किसानों को वितरित करने के लिए सरकार की ओर से भेजे गए गेहूं और घास के बीजों की कालाबाजारी का रविवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने इस मामले में कृषि विभाग के फील्ड असिस्टेंट, स्टोर कीपर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर 30 क्विंटल बीज जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग के कर्मियों की मिलीभगत से कुछ स्थानीय दुकानदार किसानों में मुफ्त वितरित किए जाने वाले बीजों को अवैध रूप से महंगे दामों पर बेचने का कारोबार कर रहे थे। पुलिस को इस बारे में शिकायत की गई थी। रविवार को अवैध कालाबाजरी का भंडाफोड़ कर विभाग के दो कर्मियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की पूरी जानकारी देते हुए राजोरी के एसएसपी मुबस्सर लतीफी ने बताया कि कोटरंका पुलिस को शिकायत मिली थी कि कृषि विभाग के कुछ अधिकारी और कर्मचारी स्थानीय दुकानदारों के साथ मिलीभगत से बीज बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं।
क्षेत्र के एसएचओ हाजी बशीर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। वहीं शनिवार की देर रात करीब दस बजे पुलिस को पुख्ता सूचनी मिली थी कि कुछ लोग बीजों को एक दुकान में स्टोर कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर कृषि विभाग के दो कर्मियों और दुकानदार को रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसएसपी के अनुसार विभाग के फील्ड असिस्टेंट मोहम्मद अफजल पुत्र मोहम्मद हफीज निवासी कोटरंका, स्टोर कीपर मोहम्मद नजीर पुत्र फ्रंगी निवासी बुद्धल और दुकानदार मोहम्मद इसहाक पुत्र गोलू निवासी गदयोग कंडी को रंगे हाथों सरकारी बीजों की कालाबाजारी करते गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके पर ही दुकान से गेंहू के 23 क्विंटल बीज और घास के 7 क्विंटल बीज भी जब्त कर लिए हैं।
कृषि विभाग के कर्मियों और दुकानदारों को पुलिस ने आरपीसी की धारा 409सी और 3/7 ईसी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार कृषि विभाग के कुछ तहसील स्तर और जिला स्तर अधिकारियों के भी इस मामले में मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। बिना अधिकारियों के बीजों की अवैध कालाबाजारी संभव नहीं हो सकती।