भाजपा की जिला इकाई द्वारा वीरवार को आयोजित संकल्प रैली में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों उमड़े। इस रैली में भाजपा के जम्मू-पुंछ संसदीय सीट के सांसद जुगल किशोर सहित अन्य दिग्गज नेताओं ने भाग लिया।
लोगों को संबोधित करने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं एमएलए सुखनंदन चौधरी, प्रिया सेठी, एमपी जुगल किशोर, पहाड़ी सलाहकार बोर्ड के वाईस चेयरमैन एवं राज्यमंत्री कुलदीप राज गुप्ता, एमएलसी विबोध गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां जैसे प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा बैंक योजना, अटल पेंशन योजना, पंडित दीन दयाल योजना के बारे में जनता को अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि जो काम केंद्र की मोदी सरकार ने मात्र एक वर्ष में किए हैं, वह पूर्व सरकार पिछले कई दशकों में भी नहीं कर पाई थी।
बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ योजना, स्वच्छ भारत अभियान के अलावा भी कई ऐसे ऐतिहासिक कार्य हैं जो केवल मोदी सरकार ने ही किए हैं।
भारत को विकास की नई राह दिखाने में प्रधानमंत्री मोदी जो कार्य कर रहे हैं, उन कार्यों से आने वाले समय में भारत विश्व के गिने चुने विकसित देशों में से एक होगा।
जम्मू कश्मीर राज्य में दो एम्स खोलने, आईआईटी कॉलेज देने, राजोरी पुंछ को फोर लेन बनाने व राजोरी-पुंछ जिलों को रेल लिंक से जोड़ने को भी मोदी सरकार की ही देन बताया गया।