सुंदरबनी। उपजिला और इसके आसपास के क्षेत्रों में तीन दिन हुई बारिश के कारण क्षेत्र में बिजली के ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि बुधवार सुबह बारिश थमने के बाद लोगों ने थोड़ी राहत जरूर महसूस की। बारिश के साथ चली हवा से बिजली के ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे एक तो सब डिवीजन सुंदरबनी में 20 के करीब ट्रांसफार्मर खराब हो गए। दूसरा दूरदराज तथा पहाड़ी क्षेत्र में तेज हवा के चलने से बिजली की लाइनों में बहुत ज्यादा खराबी आ गई। इससे अभी विभाग को फिर से ठीक करने में दो तीन दिन का समय लग सकता है। इस संबंध में बिजली विभाग के एईई राजीव कौल का कहना है कि तीन दिन से बारिश के साथ चली तेज हवा और बिजली गिरने के कारण क्षेत्र में 20 के करीब ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली की लाईनें भी टूट चुकी हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने खराब चार ट्रांसफार्मर ठीक कर लिए हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली की लाईनों की भी मरम्मत कर ली है। अभी भी विभाग को पूरी तरह से सुंदरबनी सब डिवीजन में बिजली आपूर्ति बहाल करने में दो तीन दिन और लग सकते हैं।