बुद्धल क्षेत्र के मुख्य बस अड्डे की खस्ताहालत को लेकर लोगों में ग्रेफ विभाग और प्रशासन के खिलाफ खासा रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से जल्द बस अड्डे की मरम्मत करवाने की गुहार लगाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रेफ विभाग की लापरवाही के चलते लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस अवसर पर सरपंच बदर दीन मलिक, विजय कुमार, इकबाल काजी, मोहम्मद जफर, सुरिंद्र कुमार ने बताया कि पिछले कई साल से से मुख्य बस अड्डे की हालत खस्ता बनी हुई है।
ग्रेफ विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है और न ही स्थानीय प्रशासन। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर बने बड़े बड़े गड्ढों में हमेशा पानी भरा रहता है। जिस वजह से लोगों को कीचड़ में से गुजरना पड़ता है। इससे खास कर बस अड्डे के दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उपभोक्ताओं को दुकानों तक पहुंचने में दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। वहीं उन्होंने ग्रेफ विभाग व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वह जल्द बस अड्डे की मरम्मत का काम शुरू करवाएं, नहीं तो लोग प्रदर्शन का सहारा लेंगे।