राजोरी। थन्नामंडी इलाके में पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं में शामिल एक कुख्यात चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो ट्रैक्टर समेत चोरी के तीन वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया है कि 7 जून को तीन अलग-अलग शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतकर्ताओं ने बताया था कि उनके वाहन साज और कोटे बेहरोट क्षेत्रों से गायब हुए हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस के अनुसार चोरी के मामलों पर दो अलग-अलग टीमों ने जांच शुरू की। तकनीकी तथ्यों और लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया था जिसने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। उसके दो साथी लापता हो गए। दोनों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू हुई। आरोपी के खुलासे पर छापामारी के दौरान दो ट्रैक्टर और एक मालवाहक वाहन बरामद किया गया। आगे की जांच की जा रही है।