राजोरी। कश्मीर घाटी के पहलगाम में घूमने आए पर्यटकों पर हुए हमले के बाद राजोरी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आम लोगो से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
बता दें कि जम्मू के रामबन में बादल फटने से हुई तबाही के बाद हाईवे से यातायात ठप होने के बाद सारा यातायात मुगल रोड से कश्मीर घाटी की ओर मोड़ दिया गया है। इसे लेकर पिछले दो दिन से राजोरी से होकर सभी वाहन कश्मीर घाटी की ओर जा रहे हैं। कश्मीर घाटी से आने वाले सभी वाहन भी राजोरी से होकर ही जम्मू जा रहे हैं। वहीं राजोरी में सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही राजोरी को मुगल रोड से जोड़ने वाले सभी मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजोरी के थन्नामंडी, मंजकोट, डीकेजी, बीजी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है और वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी है। सड़क से स्टे जंगली इलाकों में भी सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चला दिया है। ख़ास कर कश्मीर घाटी को राजोरी पुंछ से जोड़ने वाली मुग़ल रोड के चप्पे चप्पे पर सुरक्षाबलों ने सुरक्षा कड़ी के दी है। सूत्रों ने बताया कि राजोरी में सेना और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा पर कड़ी नज़र बनाए हुए हैं।