सुंदरबनी। गांव स्योट बाखर के ग्रामीणों ने शनिवार को ग्रेफ के खिलाफ प्रदर्शन करके जम्मू-पुंछ राजमार्ग बनाने में की जा रही मनमानी पर विरोध जताया। बीडीसी अध्यक्ष बालकृष्ण शर्मा, सरपंच कमलेश कुमारी भाजपा नेता अनिल खजूरिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कहा कि ग्रेफ के अधिकारियों की मनमानी के चलते लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीडीसी अध्यक्ष बालकृष्ण शर्मा ने कहा कि जम्मू-पुंछ राजमार्ग को फोरलेन बनाने में ग्रेफ की मनमानी के कारण सड़क के बीच आ रहे मकानों को तोड़ने के लिए लोगों को समय दिया जाना चाहिए। ताकि लोग मकानों को तोड़ कर उनसे सही निकलने वाले सामान को फिर से निर्माण में इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से तोडे़ जाने वाला मुआवजा भी बहुत कम दिया जा रहा है, जिससे लोग फिर मकान नहीं बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर ग्रेफ की तरफ से उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है, तो स्योट बाखर की सारी जनता जम्मू-पुंछ राजमार्ग को बंद कर आंदोलन शुरू कर देगी, जिसके लिए ग्रेफ जिम्मेदार होगा।