अकाउंट असिस्टेंट एंट्रेंस परीक्षा मे ड्यूटी देने वाले स्टाफ ट्रेनिंग में भाग लेने के बाद प्रदर्
राजोरी। अकाउंट असिस्टेंट की मंगलवार को होने वाले एंट्रेंस परीक्षा में सुपरवाइजर स्टाफ की ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों ने सोमवार को प्रशिक्षण के बाद सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। डाक बंगले के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने वाले सुपरवाइजर स्टाफ ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह 10 बजे ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया था। सैकड़ों की संख्या में सरकारी कर्मचारी प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए डाक बंगले तो पहुंचे, लेकिन वहां कु-प्रबंधन के चलते उन्हें दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रशिक्षण के दौरान न तो बैठने का सही बंदोबस्त किया गया और न ही उन्हें पानी तक दिया गया। प्रदर्शन कर रहे सुपरवाइजरी स्टॉफ ने बताया कि उन्हें जिला प्रशासन ने आर्डर स्लिप जारी कर बताना था कि कहां-कहां पर किस-किस सुपरवाइजर की ड्यूटी लगी है, लेकिन 4 बजे तक उन्हें कोई आर्डर स्लिप नहीं दी। 4 बजे के बाद कुछ कर्मचारी आर्डर स्लिप लेकर पहुंचे, लेकिन कहा कि सभी इसे बाजार से फोटोस्टेट करा कर अपनी-अपनी ड्यूटी देख लें। इस पर रोष प्रकट करते हुए स्टाफ ने कहा कि दिन भर इंतजार के बाद 4 बजे उन्हें आर्डर दिए और फोटो शेयर कराने के लिए खुद से कहा गया। सैकड़ों की संख्या में सुपरवाइजर स्टाफ कहां से फोटोस्टेट करके ड्यूटी देगा और कैसे घर पहुंचेगा।
इसी बात को लेकर उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और एक घंटे तक सड़क जाम रखी। वहीं एक घंटे बाद राजस्व विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अशरफ चौधरी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत किया।
-----
प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक दूरी की उड़ी धज्जियां
सुपरवाइजर स्टाफ के प्रशिक्षण के दौरान डाकबंगले के अंदर सामाजिक दूरी की खूब धज्जियां उड़ाई गई। बैठने का सही बंदोबस्त न होने के कारण सुपरवाइजर स्टाफ को एक दूसरे के साथ-साथ बैठना पड़ा। इसे लेकर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई गई।