राजोरी। जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की स्थायी करने की मांग को लेकर शुक्रवार से शुरू हुई काम छोड़ हड़ताल के चलते शहर के अलावा अन्य इलाकों में भी पेयजल की किल्लत महसूस होने लगी है। वह कई माह से बकाया वेतन की मांग के साथ ही स्थायी करने की भी मांग कर रहे हैं। हड़ताल के कारण राजोरी शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी शनिवार को पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
शनिवार को लोगों को पानी के लिए प्राकृृतिक जल स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कुछ लोग पानी के लिए निजी वाहनों पर बाहर से पानी लाने में लगे रहे। लोगों के पास कुछ दिन के लिए पानी के टैंक भरे हैं, लेकिन अगर हड़ताल और आगे बढ़ती है तो पानी के लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी हाहाकार मच जाएगा। इस संबंध में गुस्साए कर्मचारियों ने बताया कि 2 दिन से कर्मचारी काम छोड़ हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सुध नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर संजीदा नहीं है, लेकिन अब कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं और जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती है हड़ताल जारी रहेगी और स्थायी कर्मचारियों को भी पानी की आपूर्ति नहीं करने दी जाएगी।