मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेसियों नें तहसील कार्यालय के बाहर दिया धरना
- फोटो : RAJOURI
सुंदरबनी । स्योट तहसील के किसानों में जम्मू-पुंछ राजमार्ग के निर्माण में आई जमीन का मुआवजा नहीं मिलने के कारण परेशान किसानों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को किसानों के साथ स्योट के तहसीलदार के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता रवींद्र शर्मा तथा पूर्व मंत्री शब्बीर अहमद खान के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने ब्लाक कांग्रेस कमेटी स्योट के प्रधान अनिल कुमार के साथ तहसील कार्यालय स्योट के बाहर जम्मू-पुंछ राजमार्ग के अधीन आने वाली जमीन का किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की गुहार लगाई। रवींद्र शर्मा ने कहा कि सरकार जानबूझ कर किसानों की मांग को नजरअंदाज कर रही है। राजमार्ग के निर्माण कार्य शुरू होने से पहले किसानों को जमीनों का पूरा मुआवजा अदा कर देना चाहिए, लेकिन सरकार सड़क निर्माण कराने के वर्षों बाद भी मुआवजा नहीं दिया गया। इस कारण अब मजबूर होकर किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने किसानों को जल्द उनकी जमीन का मुआवजा अदा नहीं किया तो किसान उग्र आंदोलन करेंगे, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।