राजोरी। राजोरी-डंडकोट सड़क मार्ग स्थित खेवरा इलाके में सरकारी पीजी कॉलेज के पास बुधवार को दोपहर बाद एक मैजिक ऑटो सड़क से गिरकर करीब 10 फुट खाई में जा गिरा। इस हादसे में सात यात्री घायल हो गए। जिन्हे जीएमसी राजोरी में उपचार देकर घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ऑटो नंबर जेके 11 8672 चौधरीनाड गांव से राजोरी की ओर आ रहा था। पीजी कॉलेज के पास एक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, और ऑटो करीब सड़क से फिसलकर 10 फुट खाई में जा गिरा, जिसमें सवार सात यात्री घायल हो गए। घायलों को लोगों ने पुलिस की मदद से जीएमसी राजोेरी शिफ्ट किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद अहमद ने बताया कि घायलों में फरीदा बेगम, सीरम फातिमा, उज्मा जावेद, जावेद इक़बाल, शबीना कौसर, मोहम्मद बशीर और मोहम्मद आरिफ की हालत स्थिर थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद ऑटो जब्त करके फरार चालक की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।