राजोरी। राजोेरी-जम्मू हाईवे स्थित चिंगस क्षेत्र में शुक्रवार शाम को सड़क हादसे में राजोरी जीएमसी में नियुक्त स्टाफ नर्स की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पुंछ के चंडक गांव निवासी राजोरी जीएमसी में तैनात स्टाफ नर्स साइमा मलिक मौजूदा समय में जम्मू के बन तालाब में रहती थी। शुक्रवार को कार से राजोरी से जम्मू की ओर जा रही थी। चिंगस क्षेत्र में एक मोड़ पर में उसका संतुलन बिगड़ गया और कार करीब 60 फुट खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्टाफ नर्स की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे जीएमसी राजोरी पहुंचाया। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी राजोरी के शव गृह में रख कर जम्मू और पुंछ में उसके परिवार को सूचित कर दिया है। शनिवार को परिवार के राजोरी पहुंचने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा।