राजोरी। जिले के थन्नमंडी-शाहदरा शरीफ सड़क मार्ग पर सोमवार को हुए हादसे में चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार वाहन ईक्को वैन नंबर- जेके 12 एक 4371 फांगई क्षेत्र के पास उस समय दुर्घटना का शिकार हो गई ब चालक एक मोड़ पर संतुलन खो बैठा। गाड़ी सड़क पर पलट गई। परिणामस्वरूप गाड़ी में सवार कई यात्रियों में से चार घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगों ने थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल थन्नामंडी के अजमताबाद की नाजिना कौसर (22), शाहदरा शरीफ के रऊफ अहमद (28), थन्नामंडी के नौशाद खान (25) और सबा मलिक (32) का उपचार जारी है। हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।