राजोरी। आगामी 29 जून को पवित्र माह रमजान की शुरूआत होने से पहले ही जिला प्रशासन ने लोगों को सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए कमर कस ली है। इस बाबत वीरवार को राजोरी के एडीसी सलीम मलिक ने विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े, इसका खास खयाल रखें। उन्होंने बिजली की अघोषित कटौती पर रोक लगाने के भी निर्देश जारी किए। साथ ही कहा कि किसी भी क्षेत्र में पीएचई सप्लाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। हर दिन पानी सप्लाई होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि रमजान के शुरू होने से पहले जिले भर में लोगों को सरकारी आटा, चावल, चीनी और मिट्टी का तेल मिलना चाहिए। वहीं उन्होंने नपा अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए कहा। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह बाजारों का दौरा कर साफ और ताजा खाने-पीने की चीजों की सप्लाई को सुनिश्चित करें। यह भी हिदायत दी कि कोई भी व्यापारी लोगों से अधिक दाम नहीं वसूले। हर दुकान पर रेट लिस्ट लगी होनी चाहिए।