राजोरी। जिला प्रशासन ने टेंपो चालकों के जगह-जगह बनाए स्टैंड पर सख्ती से पेश आने का फरमान जारी किया है। टेंपो चालकों को एक हफ्ते का अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि या तो बस स्टैंड से टेंपो ऑपरेट करें या फिर खुद ही ऐसी जगह बताएं, जहां से वे टेंपो ऑपरेट कर सकते हैं। यदि एक हफ्ते के भीतर यह निर्णय नहीं किया गया तो उन पर सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में प्रशासन ने परिवहन विभाग को सख्ती करते हुए रद्द करने की सिफारिश भी कर दी है। जानकारी के अनुसार एक महीना पहले जिला प्रशासन ने जम्मू राजोरी और राजोरी से आसपास चलने वाले टेंपो चालकों को मंडी चौक से बाहर कर दिया था। सबको बस स्टैंड से ऑपरेट करने के लिए कहा गया। क्योंकि इनकी वजह से शहर में जाम लग रहा था और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
एक हफ्ता पहले जिला प्रशासन की ओर से टेंपो चालकों के साथ बैठक हुई। राजोरी के अतिरिक्त उपायुक्त सलीम मलिक ने बताया कि चालकों को बोला गया है कि वह लोग पुराने और नए बस स्टैंड से टेंपो ऑपरेट करें। अगर वह ऐसा नहीं करना चाहते तो एक ऐसी जगह बता दें, जो उनको पसंद हो।
पुलिस और यातायात की मिलीभगत
एडीसी सलीम मलिक ने भी माना की पुलिस और यातायात विभाग की मिलीभगत के कारण ही टेंपो चालक अपनी मनमानी करते हैं। मौजूदा समय में टेंपो चालक पुराने अस्पताल की इमारत पर कब्जा करके बैठे हैं। यहां से टैंपों को ऑपरेट किया जा रहा है। मलिक का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग को भी इनको हटाने के लिए कहा गया है।