राजोरी। क्षेत्र में दो दिनों से लगातार बारिश और हिमपात होने से जिंदगी की रफ्तार थम गई है। शुक्रवार को सुबह जिले के थन्ना मंडी और दरहाल में भारी हिमपात हुआ, वहीं सुंदरबनी के कालीधार के पास पस्सियां गिरने से सुबह घंटों जम्मू राजोरी हाई वे बंद रहा। ठंड काफी बढ़ गई है।
थन्नामंडी और दरहाल सहित पहाड़ी क्षेत्रों में रात का तापमान जीरो डिग्री तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने भी पहाड़ों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह जाने के आदेश दिए हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में पस्सियां गिरने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को सुबह कालीधार में पस्सियां गिरने से घंटों राजमार्ग बंद करना पड़ा। बाद में क्रेनों से पस्सियां हटाई गई। जिले के थन्नामंडी, दरहाल, कंडी और बुद्दल क्षेत्रों में पस्सियां गिरने से कई गांव को जाने वाले रास्ते बंद हो गए हैं। इससे गांव में यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। उधर, थन्नामंडी, दरहाल और कंडी में भारी हिमपात हुआ है। इससे आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अभी और अधिक हिमपात होने की संभावना जताई है। राजोरी में भी हिमपात होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी गिरने से रास्ता बंद
सुंदरबनी(ब्यूरो)। जोरदार हो रही बारिश से पाक सीमा के निकट से गुजरने वाली सड़क पर पहाड़ी गिरने से रास्ता बंद हो गया है। सुंदरबनी से 20 किलोमीटर दूर कटाव मंदिर की तरफ जाने वाली एक मात्र सड़क है, जो सीमा पर जाती है। इस सड़क पर सिर्फ से के वाहन ही आते जाते हैं।
शुक्रवार सुबह यह सड़क पहाड़ी फिसल कर गिरने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। समाचार लिखे जाने तक सड़क बंद थी।