राजोरी। पिछले दो महीनों से पानी और राशन की किल्लत से परेशान गांव दस्सल ग्रामीणों ने रविवार को युवा भाजपा इकाई की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि दो महीने से पानी की सप्लाई खराब है। इस स्थिति को जानते हुए भी विभाग के अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे।
भाजपा युवा नेता कपिल सयाल ने बताया कि पानी महीने में चार-पांच दिन ही आता है। इससे लोगों को चश्मों पर जाना पड़ता है, जो मीलों दूर हैं। कई बार विभाग से अपील की गई है कि इस समस्या से निजात दिलाएं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। मजबूरन लोगों को प्रदर्शन करने के लिए उतरना पड़ा है। अब भी अगर विभाग ने समस्या दूर नहीं की, तो आने वाले दिनों में राजोरी के मुख्य मार्ग को बंद कर दिया जाएा। वहीं यह भी बताया कि पहले ईद का त्योहार गया, अब दीपावली भी आ रही है, लेकिन लोगों को राशन नहीं मिला। सयाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि इसके बारे जिला प्रशासन को पूरी सूचना है, इसके बावजूद भी कुछ नहीं किया जा रहा।