राजोरी। सुंदरबनी क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल के छात्र का दुबई में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में चयन हुआ है। मंगलवार को वह दुबई के लिए रवाना हो गया। सुंदरबनी के न्यू पब्लिक स्कूल के 5वीं कक्षा के छात्र प्रशांत दयाल पुत्र कुलबीर दास ने इस वर्ष जून में अंतर जिला प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद उसने मुड़ कर पीछे नहीं देखा। अंतर जिला प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद उसका चयन राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए हुआ। पंजाब के लुधियाना में हुए राष्ट्रीय मुकाबले में भी उसने शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशांत का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए हुआ। 21 नवंबर से 26 नवंबर तक दुबई के आबुधाबी में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रशांत मंगलवार को रवाना हो गया। स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।