मेंढर तहसील में बुधवार को भूमि विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। जमकर लाठियां और धारदार हथियार चले। इसमें दोनों पक्षें के कुल चौदह लोग घायल हो गए। इनमें से एक मो. रमीज की हालत गंभीर हो गई। उसे यहां से जम्मू मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियाें की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मेंढर तहसील अंतर्गत भारत-पाक नियंत्रण रेखा से सटे गांव टांई निवासी मो. लतीफ और अब्दुल हमीद के बीच गांव में ही स्थित पांच कनाल आठ मरला भूमि पर काफी समय से तनाव चल रहा था।
इस जमीन पर वर्तमान में अब्दुल हमीद का कब्जा है। जबकि मो. लतीफ उस जमीन पर अपना मालिकाना हक जताता रहा है। इसी बात को लेकर बुधवार को फिर दोनों के परिवारों के बीच कहा-सुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल गए।
काफी देर तक चले खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से चौदह लोग घायल हो गए। इनमें से एक रमीज को मेंढर उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर जम्मू रेफर कर दिया गया। जबकि बाकी तेरह का इलाज यही चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।