कोरोना महामारी की दूसरी लहर में हॉटस्पॉट बने जम्मू संभाग में राजोरी जिले के दूरदराज गांवों में टीकाकरण को लेकर कई भ्रांतियां थीं। लोग टीका लगवाने से परहेज कर रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और पंचायती नुमाइंदों ने जागरूकता अभियान छेड़कर ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण को रफ्तार दिला दी।
कंडी स्वास्थ्य ब्लॉक के अपर राजनगर में 45 साल से ऊपर आयु के 519 लोगों में से 400 लोगों की वैक्सीनेशन कर दी गई है। क्षेत्र के सरपंच शब्बीर कमलाक ने बताया कि शुरू में लोग वैक्सीनेशन के लिए सामने नहीं आ रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों ने जागरूकता अभियान छेड़कर लोगाें की भ्रांतियां दूर कीं।
बुजुर्ग भी टीका लगवाने के लिए घरों से बाहर निकले। अब विशेष टीमें घर-घर पहुंचकर वैक्सीनेशन कर रही हैं। राजनगर लोअर गांव में 45 साल के ऊपर के 570 लोगों में से करीब 419 लोगों वैक्सीनेशन लगा दी गई है।
सरपंच फारूक इंकलाबी ने बताया कि क्षेत्र में जिस प्रकार से स्वस्थ विभाग की टीमें विशेष रूप से 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीनेशन लगाने के लिए मेहनत कर रही हैं, उसी का नतीजा है कि इतनी अधिक संख्या में लोगों में वैक्सीनेशन लग गई। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनके गांव में 100 फीसदी लक्ष्य को पूरा कर दिया जाएगा।
दूर-दराज के गांवों में वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर कार्य कर रही हैं। पंच, सरपंच, सरकारी शिक्षकों, लोक मित्र, ग्रामसेवक व अन्य विभागों के प्रतिनिधि इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। क्षेत्र में वैक्सीनेशन के लिए मौलानाओं से मदद लेकर मस्जिदों में घोषणा करके लोगों की सभाएं करके उन्हें जागरूक किया जा रहा है, जिसके चलते वैक्सीनेशन में आसानी हो रही है। जिले में 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग की अब तक 17 फीसदी लोगों को वैक्सीनेशन कर दी गई है, जबकि अन्य को वैक्सीनेशन का सिलसिला जारी है।
-डॉ. इकबाल मलिक, बीएमओ, कंडी