जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर फंसे थे हजारों वाहन
- फोटो : अमर उजाला
रियासत में शुक्रवार को दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। घाटी और पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हुई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को दूसरे दिन शुक्रवार दोपहर दो बजे क्लीयर किया जा सका। लेकिन रास्ते में फंसे वाहनों को ही निकाला गया। एसएसपी हाईवे संजय कोतवाल के अनुसार हाईवे में फंसे करीब 2500 ट्रकों और 700 यात्री वाहनों को शुक्रवार दोपहर बाद दोनों ओर से निकाला गया।
शनिवार मौसम के मुताबिक ही हाईवे खोला जाएगा। रामबन, बनिहाल, शेरबीबी, पंथल सहित अन्य स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। फिसलन के कारण शुक्रवार को बटोत-किश्तवाड़ हाईवे पर फिलहाल यातायात रोका गया। बारिश से कटड़ा में चापर सेवा प्रभावित रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
विश्वविख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में पिछले चौबीस घंटों में सात इंच बर्फबारी हुई। टंगमर्ग, कुपवाड़ा, साधना टाप, राजदान पास, जोजिला, सोनमर्ग, पहलगाम, पीर की गली सहित पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। जिला उधमपुर के पर्यटक स्थल नत्थाटाप के अलावा जुगधार, शिवगढ़ धार, स्योजधार व देराटाप पर बारिश के साथ बर्फ गिरी।
पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी
टंगमर्ग में हुई बर्फबारी के बाद का दृश्य
- फोटो : PTI
भद्रवाह और किश्तवाड़ के पहाड़ों पर भी सफेद चादर बिछी। घाटी के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश से पारा गिर गया है। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज में भारी बर्फबारी से इलाके के सभी शैक्षणिक संस्थान को 19 तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यहां करीब डेढ़ फीट बर्फ गिरी है। ।
बारिश और बर्फबारी से रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री गिरकर 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह पहलगाम में अधिकतम पारा 7.5, गुलमर्ग में 0.3 और न्यूनतम माइनस 1.5, लेह में 12.0 और न्यूनतम 0.0, कारगिल में अधिकतम 3.1 और न्यूनतम माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में शुक्रवार को मौसम साफ रहने से दिन का पारा सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.2, कटड़ा में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चौबीस घंटों में श्रीनगर में 33.2, पहलगाम में 36.2, गुलमर्ग में 63.6, जम्मू में 6.5, कटड़ा में 22.0 मिलीमीटर बारिश हुई। देर शाम को भद्रवाह, श्रीनगर सहित अन्य कई इलाकों में बारिश जारी थी।