पुंछ। जिले में एक दिन साफ रहने के बाद शनिवार को मौसम फिर से खराब हो गया। इसके चलते जिले के निचले क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। जबकि पहाड़ों एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होता रहा। इससे जिले में हर तरफ शीत लहर का प्रकोप फैल जाने से जिंदगी ठिठूर कर रह गई।
ठंड से ऊंचाई वाले क्षेत्र के लोग दिन भर घरों में बंद रहे। वहीं लगातार बड़ रही ठिठुरन के चलते बाजारों में जहां दिन भर वीरानी छाई रही। शाम ढलते ही आग जलाकर लोग तापते नजर आए। गौरतलब है कि जिले में पांच छह दिन से मौसम खराब चल रहा था। जहां तीन-चार दिन तक जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही। इसके बाद शुक्रवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। शनिवार सुबह सात बजे से ही निचले क्षेत्रों में बारिश होने लगी, जो रुक-रुक कर समाचार लिखे जाने तक जारी रही। इस बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात होता रहा। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चार से छह इंच तक बर्फ रिकार्ड की गई है। एक दिन के बाद दोबारा हिमपात होने और तापमान में गिरावट आने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।