पुंछ। जिले में जहां शुक्रवार को दूसरे दिन भी मौसम साफ बना रहा, जिसके चलते जिले के ऊंचाई वाले बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली। क्योंकि अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क सड़कों से बर्फ हटाने का काम पूरा होने के बाद लोगों को आवाजाही करने का मौका मिल रहा है।
बर्फबारी के प्रभावित मंडी तहसील के ऊंचाई वाले क्षेत्रों लोरन, डन्ना, बटलकोट, खडप्पा, सुलतान पथरी आदि क्षेत्रों के लोगों मोहम्मद बशीर, सलाम दीन, अयाज अहमद आदि ने अरोप लगाया है कि दो दिन से मौसम साफ होने के बाद उनके क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि वह सबसे पहले हमारे इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति को बहाल कराए ताकि इस सर्दी में लोगों को कुछ राहत मिल सके। उधर बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मकबूल हुसैन और जल शक्ति विभाग एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजेंद्र शर्मा का कहना है कि भारी बर्फबारी से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली एवं पानी के आपूर्ति ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। उसके बाद जैसे ही मौसम साफ हुआ है तो हमारे कर्मचारी भारी ठंड में आपूर्ति बहाल करने के काम पर लगे हुए हैं। कई क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल भी कर दी गई है जो क्षेत्र बचे हैं उनमें अगले एक दो दिन में बिजली पानी की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।