सीआरपीएफ की 72वीं वाहिनी की तरफ से सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत सरकारी मिडिल स्कूल खोड़ीनाड़ कम्मां खान में बनवाए गए दो शौचालयों का सोमवार को उद्घाटन कर विद्यार्थियों के लिए खोल दिए गए।
इस मौके पर सीआरपीएफ के कमांडेंट वाईके राजपूत, डिप्टी कमांडेंट आरएन चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ लोगों की सुरक्षा के साथ ही अपना सामाजिक दायित्व निभाने की ओर प्रयासरत है। इसकी यह एक छोटी सी कड़ी है। इस मौके पर स्कूली विद्यार्थी, शिक्षकों और अभिभावक मौजूद रहे।
जिला मुख्य शिक्षा योजना अधिकारी मक्खन लाल शर्मा ने सीआरपीएफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से आम लोगों से बल का करीबी संबंध बनता है।
शौचालय बनने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, स्कूल में पहले से दो शौचालय थे, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले कम थे। समारोह की अध्यक्षता स्कूल इंचार्ज सुरेश रैना ने की। इस मौके पर जोनल शिक्षा अधिकारी गुलाम हुसैन, सीआरपीएफ के कंपनी कमांडर खैरतुल्ला, बशीर हुसैन मीर, सुमन शर्मा आदि मौजूद रहे।