सेना में पोर्टर थे सुरनकोट मंडी के इकबाल, यू-ट्यूब ब्लॉगर थे सुरनकोट के अदनान
पुंछ। जिले में रविवार को हुए तीन सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत और एक घायल हो गया। मृतकों की पहचान मोहम्मद इकबाल निवासी सुरनकोट मंडी और अदनान मनहास निवासी सुरनकोट के रूप में हुई है। घायल गगनीत सिंह निवासी, सुथरा बावली (पुंछ) का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पहला सड़क हादसा मंडी तहसील में हुआ। मोहम्मद इकबाल निवासी सुरनकोट मंडी से सुरनकोट की तरफ बाइक जा रहा था। रास्ते में सड़क किनारे जमा की गई रेत से बाइक फिसल गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद इकबाल सेना में बतौर पोर्टर काम करता था। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरा हादसा बाद दोपहर सुरनकोट के सलाना में हुआ। यहां पुंछ से सुरनकोट जा रही यात्री बस और सुरनकोट से पुंछ की तरफ जा रहे बाइक सवार अदनान मनहास में टक्कर हो गई। हादसे में घायल अदनान को उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अदनान यू-ट्यूब ब्लॉगर था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सुथरा बावली के गगनीत का चल रहा इलाज
तीसरा हादसा पुंछ नगर में परेड पार्क के बाहर हुआ। यहां बोलेरो गाड़ी ने एक युवक टक्कर मार दी। हादसे में घायल गगनीत सिंह पुत्र कुलबीर सिंह निवासी, सुथरा बावली (पुंछ) को लोगों ने राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके से फरार गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।