पुंछ। नगर स्थित कृष्ण चंद्र पार्क में बागवानी विभाग की तरफ से बनाए गए ट्यूलिप गार्डन में रंग-बिरंगे फूल खिल गए हैं। गार्डन के गुलजार होने से लोग भी फूलों को निहारने के लिए आ रहे हैं।
सन्नी शर्मा, शहजाद बट्ट, रमेश कुमार, एजाज अहमद आदि का कहना है कि पुंछ जिला प्रशासन की तरफ से पांच वर्ष पहले पुंछ में 200 कनाल में ट्यूलिप गार्डन बनाए जाने की बात की गई थी। आज तक उस पर कोई काम नहीं किया गया। हम चाहते हैं कि पुंछ में भी कश्मीर की तरह बड़ा ट्यूलिप गार्डन बनाया जाए। जिसे देखने बाहरी राज्यों से लोग भी आएं, क्योंकि पुंछ में हर साल कश्मीर से पहले फूल खिलते हैं।
वहीं बागवानी विभाग के कर्मचारी संजय शर्मा, किशोर कुमार और हैड गार्डनर गुलाम रसूल का कहना है कि पुंछ में ट्यूलिप 100 फीसदी सफल है। यहां पर काफी अच्छे फूल आते हैं। हमने इस बार यहां छह किस्म के 14 हजार 500 ट्यूलिप बल्ब लगाए हैं जो पूरे के पूरे खिल उठे हैं। हालांकि अभी कश्मीर में ट्यूलिप के फूल नहीं निकले हैं लेकिन हमारे यहां फूल खिल गए हैं।
उन्होंने कहा कि पुंछ में हमने पांच वर्ष पहले ट्रायल के तौर पर ट्यूलिप लगाए थे। इसके बाद तीन वर्ष पहले बागवानी निदेशक के निर्देश पर यहां दो कनाल का ट्यूलिप गार्डन तैयार किया गया। इसके चारों तरफ लोहे की बाढ़ लगाई गई है। रात को इस गार्डन में ताला लगा दिया जाता है। उनका कहना है ट्यूलिप के फूलों को बड़ी मेहनत से तैयार किया जाता है। इन कर्मचारियों का कहना है कि अगर कश्मीर की तरह पुंछ में भी बड़ा ट्यूलिप गार्डन बनाया जाए तो काफी सफल होगा।