पुंछ। लगातार दूसरे हफ्ते भी सोमवार को पुंछ-रावलाकोट बस ने चक्कां दा बाग की राह-ए-मिलन तक बिना यात्रियों के ही आवाजाही की। न तो इस पार से ही कोई भारतीय पीओके गया और न ही उस पार से कोई भारत आया। ऐसे में पुंछ-रावलाकोट बस अथारिटी की तरफ से कई बार हाटलाइन पर पाकिस्तान प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की। इसके कारण बस अथारिटी के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मचारी भी दिन भर राह-ए-मिलन के पास इंतजार करने बाद लौट आए।
गौरतलब है कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तानी हुकूमत की तरफ से भारत के साथ सभी प्रकार के संबंधों को ठंडे बस्ते में डालना शुरू कर दिया था। उसी के चलते पाकिस्तान की तरफ से किसी भी नागरिक को इस पार आने अनुमति नहीं दी जा रही है। जबकि कई माह से पाकिस्तान प्रशासन की तरफ से किसी भारतीय को पीओके जाने का परमिट तक जारी नहीं किया गया है।