पुंछ। यातायात पुलिस ने मंगलवार को मेंढर में अवैध रूप से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में खड़ी दर्जन भर गाड़ियों को क्रेन से उठा कर थाने पहुंचाया। इस दौरान यातायात पुलिस की तरफ से लोगों को सड़क किनारे वाहन न खड़ा करने का अनुरोध किया गया।
मंगलवार दोपहर को मेंढर में यातायात पुलिस के डीटीआई शौकत अमीन की अगुवाई में यातायात पुलिस की तरफ से अवैध रूप से सड़क किनारों को पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल कर गाड़ियां खड़ी करके जाम की स्थिति बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्वप्रथम मेंढर बस अड्डे की तरफ जाने वाली सड़क पर खड़े वाहनों को क्रेन से उठा कर थाने पहुंचाने का क्रम शुरू किया गया। इस दौरान दर्जन भर से अधिक गाड़ियों को सड़क किनारों से उठा कर थाने पहुंचाया गया। डीटीआई ने बताया कि जिले में लोगों द्वारा जहां मन किया जाता है, वहीं सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए जाते हैं और वह घंटों बाजारों में खरीदारी करते अथवा सरकारी कार्यालयों में अपने काम निपटाने में लगे रहते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, और सड़क किनारे पार्क किए इन वाहनों से हादसों का भी खतरा बना रहता है। ऐसे लोगों के खिलाफ यातायात पुलिस की तरफ से कई दिन से कार्रवाई की जा रही है। इसके अंतर्गत मेंढर सब डिवीजन मुख्यालय पर इस प्रकार की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।