पुंछ। जिले में एक युवती अवैध रूप से नियंत्रण रेखा पार कर पीओके चली गई। उसकी पहचान 28 वर्षीय फातिमा बी पुत्री फकीर मोहम्मद निवासी कीरनी के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार जिले में भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर फेंसिंग के आगे स्थित गांव कीरनी निवासी फकीर मोहम्मद की पुत्री फातिमा बी रविवार को अचानक लापता हो गई। इसके बाद परिजनों ने सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इस बीच सोमवार को फिर गांव में तलाश करने के बाद जब गांव के पीछे नियंत्रण रेखा पर फेंसिंग पर स्थित गेट पर यह देखने के लिए जांच की गई कि वह कब गांव से बाहर गई है, तो गेट पर पता चला कि उसने तो गेट पार किया ही नहीं है। इसके बाद इस बात की शंका जताई जाने लगी कि नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में चली गई है। वहीं देर शाम को नियंत्रण रेखा के उस पार से इस बात की सूचना आ गई कि फातिमां बी पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में पहुंच गई है। हालांकि इस बात की सरकारी तौर पर अथवा पुलिस के तौर पर अभी न तो किसी प्रकार की पुष्टि की गई है और न ही उसके अवैध रूप से नियंत्रण रेखा के उस पार चले जाने पर किसी प्रकार का कोई मामला ही दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि नियंत्रण रेखा पर फेंसिंग के आगे बसे गांव का कोई भी ग्रामीण जब फेंसिंग पर बने गेट को पार कर पीछे भारतीय क्षेत्र की तरफ आता है, तो वहां उसका पहचान पत्र जमा किया जाता है और कैमरे में उसके इस तरफ आने और दोबारा गांव में लौटने की रिकार्डिंग भी की जाती है। ऐसे में गांव से आगे पीओके चले जाने वालों का फेंसिंग गेट पर किसी प्रकार का कोई रिकार्ड नहीं होता है।