पुंछ। खेलों को बढ़ावा देने के लिए उपराज्यपाल प्रशासन की तरफ से किए जा रहे प्रयास को आगे बढ़ाते हुए वीरवार को उपायुक्त राहुल यादव ने जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के सहयोग से जिले के 12 सरकारी शिक्षा संस्थानों के लिए टेबल टेनिस खेल का सामान प्रदान किया। दोपहर को इंडोर स्टेडियम में खेल विभाग की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विभाग और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम, जोनल शारीरिक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह और मोहम्मद तारिक खान ने की। जबकि उपायुक्त अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में खेलों को बढ़ावा देने एवं खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार करते हुए सरकार की तरफ से जहां नए खेल मैदानों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के क्रम में खेल सामान भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अच्छे अच्छे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सके। उसी क्रम में आज आयुक्त सचिव युवा कार्यक्रम एवं खेल के निर्देश पर सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए टेबल टेनिस का सामान प्रदान किया गया है। ताकि शिक्षा संस्थानों में कम जगह पर भी खिलाड़ी इस खेल का अभ्यास कर सकें। वहीं सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए मोहम्मद तारिक खान का कहना है कि जिले में बच्चों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है परंतु सुविधाओं की कमी के कारण हमारे यहां के बच्चे चाह कर भी खेलों में आगे नहीं बढ़ पाते हैं ऐसे में सरकार की तरफ से खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने से भविष्य में बड़ी संख्या में प्रतिभावान खिलाड़ी उभर कर सामने आएंगे।