पुंछ के स्पोर्ट स्टेडियम में खिलाडियों से मुलाकात करतेअयुक्त सचिव
- फोटो : POONCH
पुंछ। उपराज्यपाल प्रशासन खेलों के विकास के लिए कई प्रकार के कदम उठा रहा है। इसमें नए खेल मैदानों का निर्माण, खेल सामान वितरण, खेल सुविधाओं का विस्तार और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान रही है।
यह कहना है युवा कार्यक्रम एवं खेल आयुक्त सचिव सरमद हफीज का, जोकि पुंछ प्रवास के दौरान सोमवार देर शाम को नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने ताइक्वांडो, हॉकी, क्रिकेट और वॉलीबाल के खिलाड़ियों से मुलाकात करने के साथ ही उनकी खेल प्रतिभाओं को भी देखा। खिलाड़ियों द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी प्रकार के उपायों को अपनाते हुए खेलों का अभ्यास करने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए सरमद हफीज ने कहा कि पुंछ जैसे दूर दराज के इलाके में इस प्रकार बच्चों,बच्चियों और युवाओं के खेलों में भाग लेते देख कर हमें काफी खुशी हो रही है। क्योंकि खेलों से ही बच्चे और युवा सही दिशा की ओर चल सकते हैं। सरकार का प्रयास प्रदेश से राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करना है।
मीडिया से बात करते हुए सरमद हफीज ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रकार के कदम उठा रही है। जिसमें पंचायत स्तर तक खेल सुविधाओं को स्थापित किया जा रहा है। पंचायतों में भी खेलों का सामान वितरित किया गया है। उसी के साथ जम्मू कश्मीर में जहां पहले एक एस्टोटर्फ था। वहीं अब छह नए एस्टोटर्फ निर्माण का काम चल रहा है। कई स्थानों पर स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।