जिला कृषि विभाग ने शनिवार को विश्व मृदा दिवस के अवसर पर नगर में पहली मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
इस प्रयोगशाला की स्थापना के बाद जिले के किसानों को अपने खेतों की मिट्टी की उर्वरकता का कम ही समय में पता चल जाएगा।
शनिवार दोपहर को कृषि विभाग की तरफ से नगर स्थित अपने मुख्यालय में विश्व मृदा दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में किसानों एवं विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यालय में बनाई गई मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला का जिला कृषि अधिकारी ने उद्घाटन किया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित इस प्रयोगशाला में किसान अपनी मिट्टी की किसी भी समय जांच करवा सकते हैं।
अब उन्हें अपनी मिट्टी के नमूने जिले के बाहर भेजने की जरूरत नहीं है। मिट्टी की जांच के बाद जल्द ही किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड भी प्रदान किए जाएंगे।
इनके आधार पर किसान अपने खेतों में खाद एवं अन्य माइक्रोन्यूट्रिशन का प्रयोग कर सकेंगे। इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी वीके बट्ट, चरनजीत सिंह, आरपी मुंशी, देविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, विकेक शर्मा, डॉ. पूनम शर्मा आदि मौजूद थे।